गोधना में देशी दवा के गोदाम में लगी आग
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। गांव गोधना में देशी दवा के एक गोदाम में बुधवार की शाम अचानक आग लग गई। जिला मुख्यालय से पहुंची दमकल की एक गाड़ी ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों की दवा जलकर नष्ट हो गईं।
गांव गोधना निवासी फेरु सिंह देशी जड़ी-बूटियों व दवाओं का काम करता है। गांव के बाहर स्थित एक मकान में उसने दवाओं का गोदाम बनाया हुआ है। बुधवार शाम करीब चार बजे इस गोदाम में अचानक आग लग गई। धुआं व आग की लपटें निकलने पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना देते हुए आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया। मगर, तब तक गोदाम में रखीं लाखों की देशी दवाओं के साथ ही जड़ी-बूटियां भी जलकर भस्म हो चुकीं थीं। आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई है।