बुढ़ाना में सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंची जिलाधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
निर्माणाधीन अग्निशमन केंद्र का किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। डीएम ने निर्माणाधीन अग्निशमन केंद्र का निरीक्षण किया। प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को मास्क पहनकर न आने वाले मरीज अथवा तीमारदार को सीएचसी में प्रवेश न देने को कहा। कोरोना महामारी से बचाव के लिए उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी को विशेष निर्देश दिए।
डीएम सेल्वा कुमारी जे बृहस्पतिवार को सुबह करीब 10 बजे बुढ़ाना पहुंच गई। पहले उन्होंने निर्माणाधीन अग्निशमन केंद्र भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर को मुख्य इमारत को पहले तैयार करने तथा बाद में आवासीय भवन तैयार करने के लिए निर्देश दिए। कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्दी पूरा किया जाए। उन्होने प्रोजेक्ट मैनेजर को मानक के अनुरूप भी निर्माण कार्य करने के निर्देश दिए। उसके बाद जिलाधिकारी सीएचसी पहुंची। उन्होंने सीएचसी पर पर्ची कक्ष, दवा अनुभाग के अलावा महिलाओं के जच्चा-बच्चा कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विक्रांत को निर्देश देते हुए कहा कि मास्क पहनकर न आने वाले मरीज अथवा तीमारदार को सीएचसी भवन में प्रवेश न दिया जाए। सफाई व्यवस्था का पूर्ण ध्यान रखा जाए। ओपीडी में उचित दूरी बनाए रखी जाए। इस मौके पर एसडीएम कुमार भूूपेंद्र, तहसीलदार मनोज कुमार सिंह व इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।