मुजफ्फरनगर। शहर के नवीन मंडी परिसर में खल चोकर व बारदाने की दुकान में बुधवार देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दमकल विभाग की टीम ने करीब 10 घंटे में आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान कर्मचारी अंकित का हाथ झुलस गया। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
नई मंडी निवासी शुभम गुप्ता की नवीन मंडी में गेट नंबर पांच के पास 214 बी में सतीश कुमार जैन एंड संस के नाम से दुकान है। यहां से वह खल चोकर, आटा, मैदा व बारदाना , तिरपाल, रस्सा बेचने का व्यापार करते हैं। दुकान में एक तरफ गोदाम व दूसरी तरफ कार्यालय बनाया गया था।
बुधवार देर करीब डेढ़ बजे नवीन मंडी में किसान तरबूज बेचने आए थे तो उन्हें दुकान में आग लगी दिखाई दी तो उन्होंने पड़ोसी अमन शर्मा को सूचना दी। उन्होंने दुकान मालिक व दमकल विभाग को बताया। दमकल विभाग टीम ने पहुंच आग को बुझाने के लिए दुकान के आगे व पीछे वाले दोनों गेटों को कटर से काटा व दीवार को हथौड़ों से तोड़ा।
इसके बाद आग बुझाना शुरू किया गया। इस दौरान दुकान मालिक व अन्य लोग भी पहुंच गए। रात में पौने दो बजे से शुरू हुआ बचाव कार्य दिन में करीब 12 बजे तक चला। आग के कारण शुभम व पड़ोसी महेंद्र एंड संस का लिंटर आग के कारण टूट गया। दमकल अधिकारी आरके यादव, कर्मचारी अंकित व मनजीत ब्रीदिंग अपरेटस सेट पहन कर दुकान में आग बुझाने के लिए घुसे। इस दौरान अंकित का हाथ झुलस गया।
सात गाड़ियों की मदद से बुझाई आग, 50 हजार लीटर डाला पानी : दमकल अधिकारी आरके यादव ने बताया कि आग बुझाने के लिए मॉल से लगभग पचास लीटर पानी लिया गया।
मुजफ्फरनगर की तीन, जानसठ व बुढ़ाना की एक-एक और बिंदल, जीनस पेपर मिल की दो गाड़ियों की मदद से दस घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग में लाखों का नुकसान होना माना जा रहा है।
नवीन मंडी में गोदाम में लगी आग को बुझाते अग्निशमन विभाग के कर्मचारी । संवाद
नवीन मंडी में गोदाम में लगी आग को बुझाते अग्निशमन विभाग के कर्मचारी । संवाद