नई मंडी कोतवाली पुलिस ने एक किशोरी सहित चार लोगों को हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित बैंक्वेट हाॅल में लोगों को ईसाई धर्म से संबंधित फिल्म दिखाई जा रही थी। इसी दौरान धर्म परिवर्तन की अफवाह पाकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एक किशोरी सहित चार लोगों को कोतवाली ले आई। उनसे पूछताछ की जा रही हैं।
भोपा रोड पर लोगों को रविवार दोपहर एलईडी स्क्रीन पर ईसाई धर्म से संबंधित फिल्म दिखाई जा रही थी। इसी दौरान हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता और आसपास के काफी लोगों के साथ सभासद प्रशांत गौतम मौके पर पहुंचे। यह लोग स्क्रीन पर दिखाई जा रही फिल्म को देखकरभड़क गए तो फिल्म बंद कर दी गई।
सभी लोगों ने फिल्म के माध्यम से लोगों को बरगला कर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस एक किशोरी, उसकी मां, पिता व एक अन्य सेवानिवृत्त दरोगा को कोतवाली ले आई। थाने में आरोपियों ने कहा कि वह धर्म परिवर्तन जैसा कुछ नहीं कर रहे थे। पैसे देकर किसी का धर्म नहीं बदलवा रहे है।
उधर, सभासद प्रशांत गौतम का आरोप है कि धर्म परिवर्तन कराने का कार्यक्रम चलाया जा रहा था। हमें देखकर इन लोगों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस आरोपियों को साथ ले गई है। हिंदूवादी संगठन के नेता मनोज सैनी ने कहा कि चमत्कार का लालच देकर ईसाई धर्म से संबंधित फिल्म दिखाई जा रही थी। हम धर्म परिवर्तन नहीं होने देंगे। सीओ मंडी हेमंत कुमार ने कहा कि धर्म परिवर्तन जैसा कोई मामला सामने नहीं आया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।