फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन का नहीं मनाया जन्मदिन
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन का जन्मदिन उनके परिजनों ने नहीं मनाया। उनके छोटे भाई फैजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि देश में प्राकृतिक आपदा के कारण विषम हालात हैं। ऐसे में जन्मदिन का जश्न मनाना मानवता के प्रति नाइंसाफी है।
बुढ़ाना निवासी बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी का 19 मई को जन्म हुआ था। उनका जन्मदिन कस्बे के उनके कई चाहने वाले काफी वर्षों से मनाते आ रहे हैं। कोरोना महामारी के कारण देश पर आई मुश्किल को देखते हुए उनके परिजनों ने जन्मदिन मनाने से इंकार कर दिया। उनके छोटे भाई फैजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि उनका परिवार पिछले वर्ष से उनका जन्मदिन नहीं मना रहा है। पिछले वर्ष भी लॉकडाउन व कोरोना महामारी के कारण देश पर आए हुए संकट को देखते हुए परिवार वालों ने उनका जन्मदिन नहीं मनाया था। इस वर्ष भी उनका जन्मदिन नहीं मनाया गया। उन्होंने बताया कि खुद नवाज भाई ने भी अपने परिजनों व रिश्तेदारों को जन्मदिन मनाने से मना कर दिया था। दूसरी ओर, कस्बे के मोहल्ला मिर्दगान में फल व्यापारी सलीम कुरैशी के आवास पर नवाजुद्दीन का 47 वां जन्मदिन सादगी के साथ केक काटकर मनाया गया। इस मौके पर दिल्ली से आई मॉडल अनुपमा सिंह राजपूत, उनके भाई फैजुद्दीन सिद्दीकी, रिखम सोनी, आंचल सिंह, नसीम कुरैशी व नवाब सिद्दीकी आदि मौजूद रहे। फैजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि नवाज भाई कस्बे में आए हुए हैं। वे एक सप्ताह के लिए जरूरी कार्य से बाहर गए है। उनका परिवार घर से बाहर नहीं निकलता। किसी को भी घर पर आने की इजाजत नहीं है। संकट की इस घड़ी में उनका परिवार देश के साथ है।