शाहपुर। गांव पलड़ी में विवाद निबटाने के लिए चल रही पंचायत में मारपीट हो गई। जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया ।
क्षेत्र के गांव पलड़ी निवासी इनाम के पुत्र की शादी उसके ही सगे भाई इस्लाम ने शाहपुर थाना क्षेत्र के ही गांव खतौला से कराई थी। लड़का व लड़की पक्ष में तनाव चल रहा था। दोनों पक्षों में मामले को निपटाने के लिए शुक्रवार को गांव पलड़ी में पंचायत हुई। जिसमें बिचौलिए इस्लाम को भी बुलाया था। इसी बीच पंचायत में पहुंचे इस्लाम पक्ष के लोगों ने पहुंच कर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
इस्लाम ने उन्हें चुप रहने को कहा। आरोप है कि तभी इस्लाम पर हमला कर दिया गया। वह बेहोश होकर गिर गया। पंचायत में मौजूद लोगों ने घायल इस्लाम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार दिलाया। उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गम्भीर बताई जा रही है। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर नहीं दी गई।