भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों के बीच मारपीट
मुजफ्फरनगर, खतौली। जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवारों के परिणाम देने में देरी होती रही। ब्लाक खतौली में जिला पंचायत के वार्ड 29, 30, 31, 32, 33 और 34 वार्ड के प्रत्याशियों के परिणाम दिए जाने थे, लेकिन एक दो वार्ड ऐसे भी थे, जिनके परिणामों की घोषणा मतगणना समाप्ति के घंटों बाद भी नहीं की गई। वहीं, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी समर्थकों के बीच मारपीट हो गई।
वार्ड 33 पर रिहान त्यागी ने अपनी जीत का दावा किया, उन्हें कोई भी पेपर नहीं दिया गया, जिससे वह जिला मुख्यालय पर जाकर दिखा सके कि वह विजयी हुए है और अपना प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकें। इसी बीच भाजपा समर्थित प्रत्याशी यशपाल पंवार के समर्थक रीकाउंटिंग कराने की मांग करने लगे। उन्होंने एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया। दोनों प्रत्याशियों के समर्थक मतगणना स्थल पर होने की सूचना पर इंस्पेक्टर, सीओ पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए। दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हुई नोकझोंक के बाद मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को शांत किया। पुलिस ने रिहान पक्ष से एक युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया।
काफी देर प्रतीक्षा के बाद दोपहर बाद तीन बजे के लगभग मजिस्ट्रेट खतौली मतगणना स्थल पहुुंचे। वहां पर सीओ राकेश सिंह, एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी की मौजूदगी में वार्ड 33 के परिणाम की घोषणा की गई। जिसमें मतपत्रों के हिसाब से प्रथम स्थान पर रिहान त्यागी, दूसरे स्थान पर यशपाल पंवार और तीसरे स्थान पर शुभम राणा रहे। मतपत्र कम बताए जाने से शुभम राणा भी डीएम से मिलने के लिए अपने समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय चले गए।