वहलना में फर्नीचर के गोदाम में आग लगने से जला सामान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
फर्नीचर वर्कशॉप में भीषण आग लगी
मुजफ्फरनगर। शहर के वहलना चौक स्थित फर्नीचर वर्कशॉप व गोदाम में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। वर्कशॉप पूरी तरह ध्वस्त हो गया, जबकि गोदाम में रखा अधिकांश फर्नीचर भी लपटों में जलकर राख हो गया। एलपीजी गैस के दो सिलिंडरों में हुए विस्फोट के धमाके से आसपास के लोगों में अफरातफरी का आलम हो गया। अग्निशमन विभाग की चार गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के केडिया वाटिका निवासी राहुल जैन की वहलना में फर्नीचर वर्कशॉप है। इसके पास ही नई मंडी निवासी नीरज जैन का फर्नीचर गोदाम भी स्थित है। सोमवार देर रात करीब एक बजे राहुल जैन की वर्कशॉप में अज्ञात कारणों से आग लग गई। वर्कशॉप बंद होने से किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी, जिससे आग ने भयावह रूप ले लिया। कुछ देर बाद वर्कशॉप से धुआं व लपटें निकलनीं शुरू हुईं, तो वहलना चौकी के पुलिसकर्मियों ने दमकल विभाग के साथ ही राहुल जैन को भी घटना की जानकारी दी। सूचना पर सीएफओ रमाशंकर तिवारी व एफएसओ द्वितीय ऋषभ पंवार मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। तब तक आग की लपटें नीरज जैन के फर्नीचर गोदाम तक जा पहुंची, जिसके चलते चार गाड़ियों को आग बुझाने पर लगाया गया। वर्कशॉप में रखे थिनर की वजह से आग ओर भी प्रचंड रूप ले गई, जिसे वहां रखे एलपीजी गैस के दो सिलिंडरों में हुए विस्फोट ने विकराल रूप दे दिया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक जहां वर्कशॉप पूरी तरह ध्वस्त हो गई, वहीं गोदाम में रखा तमाम फर्नीचर भी लपटों में राख हो गया। अग्निकांड में दोनों पीड़ितों को लाखों का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों की भी जानकारी नहीं हो पाई है।