वहीं, पूरे मामले की जांच सीओ खतौली यतेंद्र नागर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पूछताछ में किशोरी ने बताया था कि उसने प्रेमी संग पहले तो आर्य समाज में शादी की और बाद में शादी का रजिस्ट्रेशन भी मेरठ से करा लिया था। इसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर किशोरी को मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में बने सखी वन स्टाप सेंटर पर 23 अप्रैल को भेज दिया था। वहां खतौली कोतवाली से एक महिला सिपाही की भी डयूटी लगाई थी। किशोरी ने अपना आतंरिक मेडिकल कराने से इंकार कर दिया था। किशोरी के 161 के बयान भी दर्ज कर लिए गए थे।
बताया गया कि बृहस्पतिवार को उसकी आयु का मेडिकल कराना था। बुधवार रात में खतौली कोतवाली में तैनात महिला सिपाही अमृत कौर की डयूटी थी। उसे बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे तक रहना था। वह बुधवार रात में वहां से बिना बताए कहीं चली गई थी। बृहस्पतिवार सुबह लगभग नौ बजे किशोरी सखी वन स्टाप सेंटर से कर्मचारियों को चकमा देकर फरार हो गई। यह जानकारी अधिकारियों को मिली तो किशोरी की तलाश शुरू की गई। सीओ खतौली ने बताया कि इस मामले में पूरी रिपोर्ट बनाकर एसएसपी को भेजी गई है।
यह भी पढ़ें: UP: इकरा हसन को बताया पाकिस्तानी, फेसबुक पर फोटो के साथ की टिप्पणी, खूब वायरल हो रहा मामला, कार्रवाई की मांग