बुढ़ाना। कांशीराम आवासीय योजना की एक इमारत का जीना बृहस्पतिवार देर रात गिर गया। उसके नीचे सो रहे दो परिवारों के लोग बाल-बाल बचे।
कस्बे के बड़कता रोड पर स्थित कांशीराम आवासीय योजना में करीब 102 परिवार फ्लैट में रहते हैं। बृहस्पतिवार को रात करीब दस बजे एक इमारत का जीना अचानक भर भराकर गिर गया। जीना गिरने से कुछ देर पहले ही उसके नीचे सो रहे दो परिवार उठकर कमरे में चले गए थे।
जिससे बड़ा हादसा टल गया। इन फ्लैटों मेें रहने वाले महेन्द्र, सुनील, ज्योति, सरोज आदि ने बताया कि योजना के फ्लैटों की हालत काफी दयनीय है। यहां कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसी इमारत में रहने वाली शमां परवीन ने बताया कि पूरी इमारत में अंडर ग्राउंड पानी की टंकी की पाईप में लीकेज होने के कारण सीलन आई हुई है।
इस योजना का निर्माण मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकारण द्वारा वर्ष 2010 में किया गया था। शुक्रवार को सुबह आवासीय योजना में रहने वाले रामभरोसे, धनप्रकाश, सुनील, महेन्द्र, तसलीम, विपिन, मुरली सहित दर्जनों लोग उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन उपजिलाधिकारी को देते हुए इस योजना के मकानों की स्थिति से अवगत कराया। उपजिलाधिकारी के आश्वासन पर ज्ञापन देने वाले शांत हुए।