मुजफ्फरनगर। शिव चौक पर बृहस्पतिवार रात पुलिसकर्मियों पर स्कार्पियो चढ़ाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों का चालान कर दिया। आरोपी बिजनौर के रहने वाले हैं। उन्होंने चेकिंग से डरकर भागने की कोशिश की थी।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत वाहनों की चेकिंग करा रहे थे। इसी दौरान काली स्कार्पियो को पुलिस ने रोकना चाहा तो चालक पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करते हुए गाड़ी को दौड़ा ले गया था। बाद में गाड़ी व बिजनौर के गांव सडियापुर निवासी पुष्कर चौधरी, गांव स्वाहेडी निवासी तरुण चौधरी व वंश चौधरी, गांव बधावा हल्दौर निवासी प्रियांशु चौधरी को पकड़ा गया। गाड़ी पुष्कर के पिता के नाम है। हल्दौर थाने में प्रियांशु के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। आरोपियों की गाड़ी पर काली फिल्म चढ़ी थी। हूटर लगाया था। चालक पुष्कर पर लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने बताया कि वंश व पुष्कर बीबीए प्रथम वर्ष व तरुण बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र है। एसएसपी ने बताया कि पुलिसकर्मियों को जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करने की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों का चालान कर दिया है।