बेटे के सामने पिता को भी मारी गोली
गोली चलने के बाद सुखजिंदर का छह वर्षीय बेटा घर की ओर भागा। फायरिंग की आवाज सुनकर उसके पिता मुख्त्यार सिंह भी बाहर आ गए। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी गोली मार दी। इसी दौरान सुखजिंदर के बड़े भाई बलविंदर सिंह भी घर से बाहर आए। उनके मुताबिक, जब वह फायरिंग की आवाज सुनकर बाहर पहुंचे तो हमलावर सुखजिंदर की कनपटी पर भी गोली मारकर फरार हो गए।
हमले में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर एसएसपी सूरज कुमार राय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
यूपी-उत्तराखंड सीमा पर थाना क्षेत्र को लेकर उलझा मामला
दादूपुर गांव उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित है। वारदात के बाद उत्तराखंड के खानपुर और मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के पते उत्तराखंड के होने के कारण घटनास्थल किस थाने के अंतर्गत आएगा, इसे लेकर देर रात तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी। एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि पिता-पुत्र के पते और बिजली के बिल उत्तराखंड के हैं। पुरकाजी पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया था।
हिस्ट्रीशीटर मोनू की हत्या में आरोपी था सुखजिंदर
पिता-पुत्र की हत्या को पिछले साल हुए हिस्ट्रीशीटर मोनू हत्याकांड से जोड़कर भी देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर 2025 को गांव में हिस्ट्रीशीटर मोनू की हत्या हुई थी। इस मामले में सुखजिंदर को नामजद किया गया था। इसी साल मार्च में वह हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आया था।
बताया गया कि 25 नवंबर को मोनू हत्याकांड में सुखजिंदर की गवाही भी होनी थी। ऐसे में उसकी हत्या को पुरानी रंजिश और इस मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, वारदात के पीछे की असली वजह और हमलावरों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।