चरथावल। भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि बकाया होने तक यदि बिजली अधिकारी और कर्मचारी किसी गांव में छापा मारनेे जाएंगे, तो भाकिस उन्हें बंधक बनाएगा। चीनी मिलों पर बकाया भुगतान नहीं करने से किसानों के चेहरों पर मुस्कान गायब है। भुगतान में खाईखेड़ी मिल फिसड्डी है। डीएम से उन्होंने शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है।
बुधवार को बिरालसी गांव में पदयात्रा के बाद पहली बैठक में किसानों ने कहा कि एकजुटता के कारण ही कार्यक्रम को सहारनपुर से दिल्ली तक भरपूर समर्थन मिला था। किसानों की ज्वलंत समस्याओं को बैठक में उठाया गया। ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि मिलों पर करोड़ों रुपये बकाया होने के बावजूद विद्युत निगम के कर्मचारियों की टीम गांवों में जाकर किसानों का शोषण कर रही है। कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार स्तर की समस्याओं पर यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो पुन: आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ेगा। नया पेराई सत्र शुरू होने वाला है, लेकिन अभी तक मिलों ने किसानों को गन्ने का पूरा भुगतान नहीं किया। जिससे दिवाली के त्योहारी सीजन में किसानों को मायूसी है। किसानों की आर्थिक हालत खराब होने के कारण बाजार की रौनक भी फीकी है। बिजेंद्र सिंह, युवा जिलाध्यक्ष बिल्लू राणा, चंद्रगुप्त सिंह, महासचिव ललित राणा, मोती राम, राम दिया, ब्लॉक अध्यक्ष बबली शर्मा, बघरा ब्लाक अध्यक्ष कुशलपाल सिंह, कृष्ण पाल सिंह और अजय कुमार कुटेसरा, रजत त्यागी, मासूम कुटेसरा, भूपेंद्र सिंह, डॉ. संजय पुंडीर मौजूद रहे।