प्रेस वार्ता करते कांग्रेस पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नानू मियां ने कहा कि जनता को उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों का कर्जा माफ करेंगे, भाजपा ने ऐसा कुछ नहीं किया है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई तो किसानों का कर्ज और बिजली के बिल माफ किए जाएंगे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद त्यागी के आवास पर पत्रकारों से वार्ता में जिलाध्यक्ष नानू मियां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश से 50 दिन मांगे थे, जो पूरे हो गए हैं। उन्हें देश के सामने यह रखना चाहिए कि कितना काला धन और कितना सफेद धन सामने आया है। आवास पर ब्याज कम करने की बात कहकर कांग्रेस की पुरानी योजनाओं को ही अमलीजामा पहनाया गया है। बीजेपी ने किसानों का कर्ज माफ करने को लेकर भी जनता को नाउम्मीद कर दिया है।
प्रधानमंत्री ने किसानों की कर्ज माफी की कोई घोषणा नहीं की। नोटबंदी से किसान और मजदूर सबसे ज्यादा त्रस्त रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी में कांग्रेस की सरकार आई तो किसानों का कर्ज माफ होगा और बिजली का बिल भी माफ किया जाएगा। नगराध्यक्ष सतीश गर्ग, आनंद त्यागी, महिला जिलाध्यक्ष बिलकिस चौधरी, नरेंद्र त्यागी, मुकेश शर्मा, मांगेराम कश्यप आदि मौजूद रहे।