दिल्ली पौड़ी राजमार्ग पर बैराज चौकी के समीप जाम।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। जनपद बिजनौर से शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में किसान भाकियू के नेतृत्व में किसान आंदोलन में भाग लेने के लिए ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली रवाना हुए। किसानों के ट्रैक्टरों के काफिले से दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर करीब दस किमी लंबा जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों वाहन देर रात तक फंसे हुए हैं।
जनपद बिजनौर से दिल्ली रवाना होने वाले किसान जब सैकड़ों ट्रैक्टर के साथ बैराज चौकी पर पहुंचे तो वहां से गांव कैलापुर तक करीब दस किमी लंबा भयंकर जाम लग गया। शाम करीब छह बजे लगे इस जाम में दिल्ली और पौड़ी की तरफ जाने वाले सैकड़ों वाहन जहां के तहां फंस गए, जिनमें सवार मुसाफिर घंटों तक कड़ाके की ठंड में भूखे-प्यासे कांपते रहे। आसपास क्षेत्र के राहगीर तो अपने वाहनों को मौके पर ही सड़क किनारे छोड़कर पैदल गंतव्य के लिए रवाना हो गए, लेकिन लंबी दूरी के राहगीर देर रात तक इस जाम में जहां के तहां फंसे हुए थे।
राजमार्ग पर जाम लगने की जानकारी मिलने पर मीरापुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन बेराज चौकी से किसी तरह की राहत न मिलने पर जाम खुलवाने में सफलता नहीं मिल पाई। देर रात नौ बजे तक दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पूरी तरह जाम था, जिसमें सैकड़ों वाहन जस के तस फंसे हुए थे। इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि बैराज चौकी से देर रात तक ट्रैफिक साफ नहीं हो पाया था, जिसके चलते जाम नहीं खुलवाया जा सका। बिजनौर पुलिस के साथ लगातार संपर्क में हैं, जल्द से जल्द जाम खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।