मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा के बेहड़ा अस्सा में मंसूरपुर चीनी मिल का गन्ना क्रय केंद्र पर तौल नहीं होने से किसानों का गुस्सा भड़क गया। किसानों ने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर प्रदर्शन कर हाईवे जाम करने की चेतावनी दी है।
सिखेड़ा के गांव बेहड़ा अस्सा के किसानों का आरोप है कि चीनी मिल को शुरूहुए लगभग 15-20 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक गन्ना क्रय केंद्र से केवल पांच नवंबर को एक दिन ही तौल की गई थी। इस दिन किसान का मात्र 150 क्विंटल गन्ना ही तौला गया। अब तक कोई भी तौल इस केंद्र से नहीं की गई है, जिसको लेकर किसानों में आक्रोश व्याप्त है। रविवार को किसानों ने गन्ना क्रय केंद्र पर हंगामा खड़ा किया। किसानों का कहना है की मिल पर गन्ना ले जाने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कुछ किसानों के पास चीनी मिल तक गन्ना ले जाने के लिए पर्याप्त साधन नहीं है, जिसे लेकर किसान काफी चिंतित हैं। किसानों ने शीघ्र तौल शुरू नहीं कराने पर आंदोलन शुरू कर दी है। प्रदर्शनकारियों में किसान दिनेश कुमार, सुभाष, नवीन, प्रवेश शर्मा, रामकुमार, प्रदीप, अजय कुमार, उपेंद्र, सोनू, जितेंद्र, मनोज, प्रदीप व बीर सिंह आदि किसान शामिल रहे।
अंडरपास का निरीक्षण कर हकीकत जानी
मंसूरपुर। गांव सोंटा रोड रेलवे फाटक पर बन रहे अंडरपास से किसान संतुष्ट नहीं हैं। इस मुद्दे पर 14 नवंबर को किसानों ने पंचायत करने की घोषणा की थी। एडीएम ने एसडीएम को साथ लेकर अंडरपास का निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत की।
गांव दूधाहेड़ी में रविवार को अशोक राठी के आवास पर किसानों की बैठक हुई। इस दौरान 14 नवंबर को सोंटा रोड पर पंचायत करने की रणनीति तैयार की गई। इस पंचायत में क्षेत्र के कई गांवों के लोग शामिल होंगे। किसानों का आरोप है कि रेलवे द्वारा बनाया जा रहा अंडरपास काफी हद तक छोटा है, जिसमें किसानों को ट्रैक्टर ट्रालियां व गन्नों से भरी बुग्गियों को निकालने में भारी दिक्कत आएगी। किसानों ने कहा कि इस संबंध में रेलवे के इंजीनियरों से बात की, तो उनका कहना था की हमें जितना वर्क पैमाइश कर दिया गया है, हम उतना ही काम करेंगे। इसको लेकर किसानों में रोष व्याप्त है। रविवार को एडीएम सुनील कुमार ने एसडीएम राम अवतार गुप्ता के साथ लेकर अंडरपास का निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत की। बैठक में पंकज राठी, रालोद नेता अमित राठी, अंकुर, कुलदीप, अशोक राठी, बिल्लू, गंगाराम आदि शामिल हुए।