3-खतौली में टबीटा रेलवे फाटक के पास रेलवे का काम रुकवाते भाकियू तोमर के कार्यकर्ता।
- फोटो : KHATAULI
खतौली/मंसूरपुर। भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने गांव टबीटा में किसानों की अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा व अनुदान नहीं मिलने के विरोध में रेलवे ट्रैक निर्माण का कार्य रुकवाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। उधर, मंसूरपुर में भी एक समान मुआवजा न मिलने से नाराज होकर खानुपुर और घासीपुरा के किसानों ने रेलवे ट्रैक का निर्माण कार्य रुकवा दिया। धरना प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होंगी, किसी भी हालत में कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
खतौली में मंगलवार को भाकियू तोमर के ब्लाक अध्यक्ष विशाल अहलावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता गांव टबीटा रेलवे फाटक के पास पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने किसानों को पूरा मुआवजा व अनुदान नहीं मिलने के विरोध पर रेलवे ट्रैक का काम बंद कराया दिया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक मुआवजा व अनुदान नहीं मिलेगा, कार्य शुरू नहीं करने दिया जाएगा। विरोध के चलते कर्मचारी काम छोड़कर चले गए।
वहीं मंसूरपुर में रेलवे विभाग द्वारा डीएफसी योजना के तहत माल ढुलाई के लिए अलग से रेलवे ट्रैक का निर्माण कराया जा रहा है। अभी तक अधिकृत की गई जमीन का कुछ किसानों को मुआवजा नहीं दिया गया। इनमें गांव खानुपुर, जोहरा, घासीपुरा व इस्लामाबाद के किसान शामिल हैं। इसी कारण से उन्होंने रेल विभाग को अपने जमीन में निर्माण कार्य को करने से रोक रखा था। मंगलवार को किसानों को सूचना मिली कि गांव घासीपुरा अंडरपास के निकट विभाग ने रेलवे ट्रैक निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है।
किसान नेता चौधरी अंगद सिंह के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने पहुंचकर कार्य को रोक दिया तथा जेसीबी को अपने कब्जे में लेकर धरने पर बैठ गए। किसानों का कहना था कि विभाग द्वारा गांव खानुपुर रकबे के किसानों को 1600 रुपए प्रति मीटर के हिसाब से मुआवजा दिया गया है, जबकि उसी स्थान पर इस्लामाबाद के रकबे के किसानों को 400 प्रति मीटर के हिसाब से मुआवजा दिया जा रहा है। किसानों का कहना था कि विभाग इस तरह से किसानों का शोषण कर रहा है। सभी किसानों को एक समान दर से मुआवजा मिलना चाहिए। किसानों ने ठेकेदार प्रदीप शर्मा को चेतावनी दी कि जब तक उन्हें एक समान मुआवजा नहीं मिलेगा, वे अपनी जमीन में रेलवे विभाग को एक खूंटी भी नहीं गाडऩे देंगे। धरना प्रदर्शन करने वाले किसानों में प्रियंक, अंगद, खानुपुर, इलियास, बेगराज सिंह राठी, तराजू, चरण सिंह, मीरसिंह, जयवीर सिंह, मांगा सिंह, सतीश सिंह आदि शामिल रहे।