संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली में किए गए लाठीचार्ज के विरोध में भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में किसान सम्मान बचाओ पंचायत में एकता की हुंकार भरी। राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि किसानों के सम्मान के साथ समझौता नहीं होगा। धरने पर पहुंचे अधिकारियों ने एक पुलिसकर्मी के लाइन हाजिर किए जाने की जानकारी दी। प्रकरण की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया।
भाकियू तोमर के कार्यकर्ता 19 जून को नई मंडी कोतवाली परिसर में धरना देने के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। इसके विरोध में बुधवार को कार्यकर्ता सुबह से ही ट्रैक्टरों पर सवार होकर शहर में पहुंचने शुरू हो गए थे। एसएसपी कार्यालय में ट्रैक्टर खड़े करने की जगह नहीं होने के कारण पंचायत को डीएम कार्यालय के बाहर किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि किसानों व कार्यकर्ताओं का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मी सस्पेंड किया जाए। दोषी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज हो। किसानों पर फर्जी मुकदमा खत्म हो। जेल भेजे गए दो कार्यकर्ताओं को छुड़वाया जाए।
पंचायत में पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश व सीओ सिटी राजू कुमार साव को ज्ञापन सौंपा गया। दोनों अधिकारियों ने ज्ञापन में दिए बिंदुओं पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन व नई मंडी कोतवाली में तैनात सिपाही रजनीश को लाइन हाजिर करना बताया।
चौधरी संजीव तोमर ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में मांग पूरी नही हुई तो रामपुर तिराहे पर हाईवे जाम किया जाएगा। संचालन डाॅ़ रिजवान और अध्यक्षता राजबीर सिंह ने की। इस दौरान निखिल चौधरी, पवन त्यागी, राम मेहर तोमर, अशोक त्यागी, सचिन गुप्ता, महबूब बालियान मौजूद रहे।
वर्जन
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि इस मामले में एक सिपाही को लाइन हाजिर किया है। पूरे मामले की जांच एडीएम प्रशासन एवं एसपी क्राइम को सौंपी गई है।
इनसेट
पुलिस से कार्यकर्ताओं की नोकझोंक, हंगामा
मुजफ्फरनगर। भाकियू तोमर के एलान के बाद पुलिस ने कचहरी के दोनों मुख्य गेट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास बेरिकेडिंग कर वाहनों को एसएसपी कार्यालय की ओर जाने से रोक दिया गया। सर्विस क्लब की ओर से पहुंचे कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हुई। काफी देर तक हंगामा रहा। इसके बाद कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने प्रकाश चौक, कचहरी के बाहर गेट के पास, शिव चौक, महावीर चौक, एसडी तिराहा , बचन सिंह चौक के पास बेरिकेडिंग लगाकर भारी पुलिस बल तैनात किया था।
-
शहर में रहे जाम के हालात-
सुबह के समय जब किसानों के ट्रैक्टर शहर में घुसे तो टाउन हाल सहित अन्य मार्गाें पर जाम लग गया था। दुपहिया व पैदल राहगीरों को भी निकलने में परेशानी हुई।
भारतीय तोमर कार्यकर्ताओं के ट्रैक्टरों के जाने के दौरान नगर के टाउन हॉल रोड पर लगा जाम फोटो संव