तितावी/मुजफ्फरनगर। भाकियू और किसानों ने भूमि अधिग्रहण का विरोध करते हुए पानीपत-खटीमा राजमार्ग जाम कर दिया। भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि एक बीघा में 80 क्विंटल गन्ना निकल रहा है, किसान को 75 क्विंटल के हिसाब से भुगतान कर दो। एडीएम प्रशासन के मुआवजा देने के ऐलान के बाद जाम खोल दिया गया।
पानीपत-खटीमा राजमार्ग के लिए अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे को लेकर भाकियू और किसान आंदोलन कर रहे हैं। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नेरश टिकैत ने शुक्रवार को पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर चक्का जाम की घोषणा की थी। धौलरा बस स्टैंड के पास चिरवा टिल्ला गोरखनाथ मंदिर के सामने किसानों ने सुबह दस बजे जाम लगा दिया। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत को सूचना मिली तो उन्होंने जाम खोलने के निर्देश दिए। आधा घंटे बाद जाम खुल गया। इस बीच एडीएम वित्त आलोक कुमार, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, एसडीएम सदर दीपक कुमार, एसडीएम बुढ़ाना भूपेंद्र सिंह, एसडीएम जानसठ, एसपी देहात नेपाल सिंह, सीओ राम मोहन शर्मा धौलरा पहुंचे। इनके साथ कई थानों का पुलिस बल और पांच ट्रक पीएसी थी।
प्रशासन अपने साथ जेसीबी भी लेकर पहुंचा था। दोपहर में एक बजे किसानों ने जब दोबारा जाम लगा दिया तो प्रशासन और किसान आमने-सामने आ गए। दिल्ली पुलिस के पेशी के लिए कैदियों को लेकर जा रहे वाहन को भी बीच में रोकने पुलिस और किसानों में कहासुनी हुई। भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि हमारी प्रशासन से कोई लड़ाई नहीं है। किसानों को फसल का मुआवजा चाहिए। ट्यूबवेल के मुआवजे का दोबारा सर्वे करा दो। फसल काटने के लिए कम से कम तीन दिन का समय दे दो।
एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि वह अपना गन्ना गोशाला में दे या कोल्हू पर डाले उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। गन्ना काटने के लिए भी तीन दिन का समय दिया जा रहा है। ट्यूबवेल और पेड़ों की कीमत को लेकर दोबारा सर्वे कराया जाएगा। प्रशासन के आश्वासन के बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त हो गया। भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष ओमपाल मलिक, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक, मंडल महासचिव राजू अहलावत, नवीन राठी, कपिल सोम, अशोक घटायन, सुभाष मलिक, जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान, विकास शर्मा, अमरजीत, परवीन गोलियान, सन्नी, विकास सैनी आदि रहे।
और जब सिसौली पहुंचे अफसर
भौराकलां। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अधिग्रहीत की गई जमीन को लेकर चल रहे विवाद के समाधान को लेकर एडीएम प्रशासन अमित सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह, सीओ फुगाना राम मोहन शर्मा सिसौली में भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के आवास पर पहुंचे। भाकियू अध्यक्ष ने अधिकारियों से जमीन के साथ फसल के मुआवजे की मांग की। टिकैत ने कहा कि भाकियू विकास विरोधी नहीं है। परंतु किसानों के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। किसानों के बीच में ही अधिकारी जवाब दे और मामले को निपटा लें। भाकियू जिला अध्यक्ष धीरज लाटियान, गौरव टिकैत ,विनोद मलिक आदि मौजूद रहे।