किसान भवन मे चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत सामुदायिक भवन का शिलान्यास केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजी?
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भौरा कलां। केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान ने कहा कि सरकार ने किसान हित में कई बड़े कदम उठाए हैं। लॉकडाउन में भी शुगर मिलों को बंद नहीं किया ताकि किसानों की फसल खेतों में न रह जाए। केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान, बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक ने किसान भवन सिसौली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। सामुदायिक भवन की अनुमानित लागत एक करोड़ 80 लाख रुपये है।
केंद्रीय राज्यमंत्री डा. बालियान ने कहा कि जिले के किसानों ने रिकॉर्ड गन्ना उत्पादन किया है, वे बधाई के पात्र हैं। केंद्र व राज्य सरकार किसान हित में कार्य कर रही हैं। लॉकडाउन में किसान हित को देखते हुए सरकार ने शुगर मिलों को बंद नहीं किया। किसानों को पूरे देश में कहीं भी फसल बेचने की छूट दी। कांट्रेक्ट फार्मिंग लागू की गई, कंपनियां एमएसपी से कम मूल्य पर फसल नहीं खरीद सकेंगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष किसानों को केंद्र सरकार ने आठ हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी एथेनॉल उत्पादन, गन्ना भुगतान के संबंध में दी। एथेनॉल का उत्पादन बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डा. बख्शी राम द्वारा तैयार गन्ने की 238 वैरायटी से उत्पादन बढ़ा है तथा रिकवरी 11 प्रतिशत से ज्यादा हुई। वह भारत रत्न के हकदार हैं। मुख्यमंत्री ने चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के नाम पर किसी सरकारी संस्थान के नामकरण का आश्वासन दिया है।
कार्यक्रम में बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक ने कहा किसान हित में नीतियों की शुरुआत चौधरी चरण सिंह ने की थी। चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की आवाज लखनऊ, दिल्ली तक गूंजी। उन्होंने बताया दिल्ली से मेरठ तक बनने वाली आरआरटीएस रेल योजना को मुजफ्फरनगर तक मंजूर कराई गई। भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने किसान भवन में चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत सामुदायिक भवन के शिलान्यास पर प्रदेश सरकार, मंत्री व विधायक का धन्यवाद करते हुए कहा कि कानपुर में पुलिसकर्मियों के साथ दुखद घटना घटी है। इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान, जिला पंचायत सदस्य अजय गंठा, गौरव टिकैत, सुनील सिंघल, खतौली शुगर मिल के वाइस प्रेसिडेंट डॉक्टर अशोक, केन मैनेजर कुलदीप राठी, बलधारी सिंह आदि मौजूद रहे।