-बधाई कलां गांव में बिजलीघर पर तालाबंदी कर दिया धरना
फोटा
चरथावल। बधाई कलां गांव में किसानों ने बिजलीघर पर तालाबंदी कर बदले रोस्टर के अनुसार नलकूप की विद्युत आपूर्ति पर आक्रोश जताया। वक्ताओं ने कहा आपूर्ति का नया रोस्टर चालू करने से फसलों की नियमित सिचाई नहीं हो पाएगी।
मंगलवार को प्रगतिशील किसान अरविन्द मलिक के नेतृत्व में लोगों ने तालाबंदी कर धरना दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है विद्युत निगम ने तीन दिन पहले नलकूपों के फीडर से सप्लाई में तीन घंटे की कटौती शुरू कर दी है। फिलहाल आपूर्ति का समय दो हिस्सों में बांटा गया है।
गांव के किसानों ने सुबह बिजलीघर पर पहुंचकर नए रोस्टर का विरोध जताया। मौके पर पहुंचे अवर अभियंता की मध्यस्थता में मुख्य अभियंता से वार्ता कराई। अरविंद मलिक ने बताया कि मुख्य अभियंता ने शासनादेश आने तक बधाई कलां बिजली घर से नलकूप फीडर को सात घंटे निर्बाध रूप से बिजली सप्लाई करने का आदेश दिया है।
इसके बाद धरना समाप्त करने की घोषणा की गई। किसानों ने सरकार से गर्मी के मौसम में नलकूप फीडर पर निर्बाध रूप से 12 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। पूर्व प्रधान सचिन मलिक, राम मलिक, मनीष मलिक, विपुल त्यागी, सैय्यद मोहम्मद उस्मान, मोहम्मद हारून, वासु मलिक, प्रशांत राठी आदि मौजूद रहे।