ट्यूबवेल की हौज में पड़ा मिला किसान का शव
मुजफ्फरनगर, मीरापुर। कस्बे व आसपास क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में हुए अलग-अलग हादसों में किसान समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य युवक ने गृह क्लेश के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या भी कर ली।
मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव भुम्मा निवासी किसान देवेंद्र (45) पुत्र वेदराम बृहस्पतिवार शाम खेतों पर पानी चलाने गया था। शुक्रवार सुबह खेत पर बनी ट्यूबवेल की हौज में किसान का शव पड़ा मिला। किसान का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि पानी चलाने के दौरान पैर फिसलने से किसान हौज में गिर गया और पानी में डूबकर वहीं उसकी मौत हो गई।
उधर, गांव भुम्मा का ही बिजेंद्र (50) पुत्र सुक्कन बृहस्पतिवार रात अपने मकान की छत पर सोया था। देर रात अचानक तेज बारिश होने पर वह छत से नीचे उतरने लगा। इसी दौरान सीढ़ी से पैर फिसलने से वह नीचे आ गिरा। परिजनों ने पास ही के एक डॉक्टर से बिजेंद्र का उपचार कराया, लेकिन उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
कस्बे के मोहल्ला मुश्तर्क निवासी अकलीम पुत्र कलीम की दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर स्पेयर पार्ट्स शॉप है। शुक्रवार को अकलीम दुकान का सामान लेने बाइक से दिल्ली जा रहा था। बहसूमा क्षेत्र के गांव झुनझुनी के निकट उसकी बाइक सड़क के गड्ढे में अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे अकलीम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को मेरठ भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव को सुपुर्दे-खाक कर दिया है।