मुजफ्फरनगर। लगातार बढ़ रहे प्रदूषण और विभिन्न शहरों से लाए जा रहे कूड़े को लेकर लोगों के बीच नाराजगी बढ़ रही है। भाकियू अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने भोपा रोड पर जट मुझेड़ा के निकट कूड़ा लदे 14 ट्रकों को रोक लिया।
प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। एसडीएम सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी और क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी गीतेश चंद्रा मौके पर पहुंचे। लेकिन वार्ता सफल नहीं हुई और किसानों ने अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया।
शनिवार को संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक के साथ कार्यकर्ता भोपा रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में पहुंच गए। कूड़ा लदे ट्रकों को रोकना शुरू किया। कुछ ही देर में यहां ट्रकों की कतार लग गई। अधिकतर ट्रक लखनऊ से कूड़ा अलग-अलग औद्योगिक इकाइयों में उतारने आए थे।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पेपर मिलों में इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट भी जल रहा है। हैवी मेटल को जलाने से प्रदूषण लोगों के जीवन को लील रहा है।
आरोप लगाया गया कि पहले इकाइयों ने एग्रो बेस का उपयोग कर पानी को बर्बाद किया। अब पन्नी, हैवी मैटल सहित अन्य ईंधन से शहर की आबोहवा को बर्बाद किया जा रहा है। देर रात किसानों के बीच पहुंचे अधिकारियों ने समस्या के समाधान का भरोसा दिया।
किसानों ने कहा कि कूड़े पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए। देर रात तक धरना जारी है। सतेंद्र चौहान, गुड्डू, प्रवीण कुमार, अंकित जावला, विपिन त्यागी, सुधीर पंवार, राजेश सहरावत, कपिल बालियान, बिजेंद्र बालियान, विनोद कुमार मौजूद रहे।