दूर की कौड़ी है हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट
मुजफ्फरनगर। वाहनों की हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जिले के लिए फिलहाल दूर की कौड़ी बनी हुई है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद एक सप्ताह की समयावधि की जगह नंबर प्लेट आने में दो माह का लंबा समय लग रहा है, जिसके चलते अब तक महज 2240 पुराने वाहनों को ही इससे अपडेट किया जा सका है।
सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अनिवार्य किए जाने की योजना के तहत नए वाहनों के साथ ही पुराने वाहनों की नंबर प्लेट को भी अपडेट करने की योजना कछुवा गति से चल रही है। जनपद में परिवहन विभाग द्वारा बनाए गए 45 डीलर के माध्यम से myhsrp.com और make.myhsrp.com वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कराए जा रहे हैं। इसके लिए दुपहिया वाहनों में 387 रुपये और चार पहिया वाहनों के लिए 697 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, दो सौ रुपये अतिरिक्त भुगतान पर होम डिलीवरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
आवेदन करने के एक सप्ताह के भीतर संबंधित व्यक्ति को नंबर प्लेट उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन जिले में इस योजना पर बेहद सुस्त गति से काम चल रहा है। एक ओर जहां संबंधित डीलर्स द्वारा दुपहिया पर पांच सौ व चार पहिया वाहनों के लिए एक हजार रुपये शुल्क वसूल किया जा रहा है, वहीं हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराया जाना भी दुरूह है, जिसमें दो माह लंबी वेटिंग चल रही है। इसके अलावा, ऑनलाइन आवेदन करने में वेबसाइट भी बार-बार धीमा होने से जनपद में यह अभियान गति नहीं पकड़ पा रहा है। अब तक जनपद में महज 2240 पुराने वाहनों की नंबर प्लेट को ही अपडेट किया जा सका है। वहीं, नए वाहनों की संख्या करीब 25 हजार तक जा पहुंची है।
इन्होंने कहा.......
एआरटीओ विनीत कुमार मिश्रा का कहना है कि जिले में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए 45 डीलर बनाए गए हैं। नए वाहनों में जहां इसे अनिवार्य किया जा रहा है, वहीं पुराने वाहनों को अपडेट करने में थोड़ा समय लग रहा है। लोगों में इसे लेकर जागरूकता भी नहीं है, जिसके चलते फिलहाल अभियान की गति अपेक्षाकृत कम है। जल्द ही इस संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश देकर अभियान को गति प्रदान की जाएगी।