फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कृष्णापुरी में नकली डिटरजेंट फैक्टरी का भंडाफोड़

Thu, 27 Dec 2018 12:17 AM IST
Deepak Kausik अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
छापेमारी के दौरार मिला डिटरजेंट बनाने का सामान। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मोहल्ला कृष्णापुरी में चलाई जा रही अवैध डिटर्जेंट पाउडर की फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में घड़ी व व्हील कंपनी का नकली डिटरजेंट, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पैकिंग मशीनें, रैपर और अन्य सामान बरामद किया गया है।
विज्ञापन

शहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार तड़के सूचना के आधार पर कृष्णापुरी में एक मकान में छापेमारी की।

इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि उक्त मकान में कुछ लोग डिटरजेंट बनाते मिले, जिनमें से दो लोगों श्यामसुंदर बंसल व नन्नू को हिरासत में ले लिया गया। मौके से भारी मात्रा में डिटरजेंट पाउडर, घड़ी व व्हील कंपनी के पैकेट, खाली रैपर, खुला सर्फ, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पैकिंग मशीनें और अन्य सामान बरामद किया गया।

सूचना मिलने पर घड़ी कंपनी के मैनेजर मनोज कुमार सिंह व व्हील कंपनी के मैनेजर धीरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने जांच के बाद बरामद किया गया डिटर्जेंट पाउडर नकली बताया। इस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। देर रात तक पुलिस आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही थी।
विज्ञापन


किराए के मकान में चल रही थी अवैध फैक्टरी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णापुरी के जिस मकान में नकली डिटरजेंट बनाने की फैक्टरी चलाई जा रही थी, उसे श्यामसुंदर ने किराए पर लिया था। पहले आरोपी उक्त मकान में नमकीन बनाते थे, लेकिन उसमें कम मुनाफा होने के चलते मोटी मुनाफाखोरी के लालच में वे नकली सर्फ के कारोबार से जुड़ गए। इसके बाद आरोपी धड़ल्ले से घड़ी व व्हील कंपनी का नकली डिटर्जेंट पाउडर बनाने लगे, जिसकी सप्लाई अधिकांशत: देहात क्षेत्र में की जा रही थी।

मोटे पैमाने पर हो रहे फर्जीवाड़े से लोग थे अनभिज्ञ
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला कृष्णापुरी में चल रही अवैध फैक्टरी में बड़े पैमाने पर घड़ी व व्हील कंपनी का नकली पाउडर बनाकर देहात क्षेत्र में सप्लाई किया जा रहा था, लेकिन आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं थी। पुलिस ने गोरखधंधे में मकान मालिक की संलिप्तता की आशंका में उसे भी हिरासत में लिया, लेकिन पता चला कि उसे भी इस अवैध धंधे की जानकारी नहीं थी। इस पर मकान मालिक को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें