मुजफ्फरनगर। भोपा रोड पर फैक्टरियों के पानी से फसल बर्बाद होने का आरोप लगाते हुए किसानों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने फैक्टरियों के मालिकों से बर्बाद फसल का मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए डीएम के नाम ज्ञापन दिया।
गांव धन्धेड़ा और कूकड़ा के किसान कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम के नाम दिए ज्ञापन में बताया कि भोपा रोड पर स्थित फैक्टरियों से गंदा और प्रदूषित पानी छोड़ा जा रहा है। इससे उनकी फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। 11 जनवरी को फैक्टरियों से प्रदूषित पानी बिना अनुमति के ही नाले में छोड़ा गया। ओवरफ्लो होने के कारण यह प्रदूषित पानी उनके खेतों में भी भर गया। गांव धन्धेडा में करीब 150 बीघा भूमि पर खड़ी फसल बर्बाद होने के आरोप किसानों ने लगाए हैं। करीब 10-15 किसानों की फसल इसकी चपेट में आ गई है। प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि फैक्टरियों से उनकी बर्बाद फसल का मुआवजा नहीं दिलाया गया तो वह जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। मौके पर अमित राठी, चतर सिंह, तैयब अली, हसन अली, नौशाद अली, हाशिम अली, शमशेर, नूर अहमद, ताहिर, लियाकत अली आदि किसान शामिल रहे।