संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। भोपा सीएचसी पर तैनात महिला मेडिकल ऑफिसर के बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर जांच बैठ गई है। सीएमओ की ओर से मेडिकल ऑफिसर को नोटिस दिया गया है। अनुपस्थिति के कारण मेडिकोलीगल एवं चिकित्सकीय परीक्षण प्रभावित होने के कारण महिला चिकित्सक का जवाब तलब किया गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा पर तैनात महिला चिकित्साधिकारी डॉ. यशस्वी जैन को सीएमओ की ओर से नोटिस जारी किया गया था। उन पर बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का आरोप लगा था। जिसके बाद सीएमओ ने चिकित्सक का अनुपस्थिति के दौरान वेतन रोकने का आदेश जारी करते हुए एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार को मामले की जांच सौंप दी थी।
डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि करीब 20 दिन तक महिला चिकित्साधिकारी के बिना अनुमति अनुपस्थित रहने के कारण चिकित्सकीय परीक्षण एवं अन्य कार्य प्रभावित हुए। इसके चलते उनका वेतन रोकने का आदेश किया गया था।
बताया कि चिकित्सक की ओर से अनुपस्थिति का कारण बीमारी बताते हुए मेडिकल सर्टिफिकेट दिया गया। जिसे प्रभारी चिकित्साधिकारी सीएचसी भोपा को भेजकर उसका परीक्षण कराया जा रहा है। दूसरी ओर चिकित्साधिकारी डॉ. यशस्वी जैन का कहना है कि उनकी ओर से सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी को मौखिक रूप से बीमारी की जानकारी देते हुए बाद में आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध करा दिये गए थे।