दस दिसंबर से भरेगी नुमाइश
मुजफ्फरनगर। नुमाइश के मैदान में दस दिसंबर से जिला प्रशासन प्रदर्शनी का आयोजन करेगा। 27 दिन तक चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने की जिम्मेदारी सिटी मजिस्ट्रेट को दी गई है।
डीएम चंद्र भूषण सिंह की अध्यक्षता मे कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदर्शनी स्थायी समिति एवं पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुयी। प्रदर्शनी स्थायी समिति के सदस्यों एवं पदाधिकारियों के द्वारा प्रतिभाग किया गया। उक्त बैठक मे प्रदर्शनी का आयोजन कराये जाने पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन कराये जाने पर सहमति व्यक्त की गयी। जिसके क्रम में डीएम ने दस दिसंबर 2021 से पांच जनवरी 2022 तक 27 दिन की प्रदर्शनी का आयोजन कराये जाने का अनुमोदन किय। प्रदर्शनी में सभी प्रकार की दुकानें, झूले एवं प्रदर्शनी पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। साफ-सफाई व बिजली की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने इसके लिए नगर मजिस्ट्रेट को एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिये। डीएम ने सभी टेंडर छोड़ने एवं प्रदर्शनी संबंधित कार्यों को करने के लिये निर्देश दिये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक यादव, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एसपी सिटी, नगर मजिस्ट्रेट अनूप श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ महावीर सिंह फौजदार, तहसीलदार सदर, जिलापूर्ति अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, वरिष्ठ प्रदर्शनी सहायक सुभाष कुमार, प्रदर्शनी सहायक अम्मार हैदर सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।