देहात के स्कूलों में भी कम पहुंचे बच्चे
खतौली। करीब एक साल बाद कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को विद्यालयों में जाने की अनुमति मिली। बच्चे मुंह पर मास्क लगाकर कंधे पर बैग लटका कर स्कूल पहुंचे। पहले दिन स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या कम रही।
बुधवार को कक्षा आठ के बच्चे बुलाए थे। गांव सठेडी में स्थित कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका ने बताया कि विद्यालय की सभी बच्चों को सूचना न मिल पाने के कारण भी कुछ बच्चे नहीं आ पाए हैं। स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी इंतजाम किए गए। कई शिक्षण संस्थानों में अभिभावक खुद बच्चों को लेकर पहुंचे। बच्चों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि एक साल बाद स्कूल खुल गया। उन्हें स्कूल आना बहुत अच्छा लगा।
शाहपुर में जूनियर तक के स्कूल खोलने के बाद प्रथम दिन शेड्यूल के मुताबिक कक्षा आठ में 50 प्रतिशत छात्र ही मौजूद रहे। जूनियर हाईस्कूल गोकुलपुर के प्रधानाचार्य महबूब अली ने बताया कि उनके विद्यालय में 38 छात्र पंजीकृत हैं। 10 छात्र ही उपस्थित हुए।
पुरकाजी में अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजने में रुचि नहीं दिखाई। पहले दिन बुधवार को आठवीं कक्षा के छात्र बेहद कम संख्या में स्कूल आए। एसडी इंटर कालेज में नौ छात्राएं, गुड मॉर्निंग स्कूल में मात्र 13 में से दो और पूर्व माध्यमिक विद्यालय कंपोजिट में 112 छात्रों में 50 छात्र-छात्राएं ही स्कूल आई। ग्रीन फील्ड स्कूल में कक्षा आठ में 74 में 54 छात्र और सन शाइन एकेडमी में सात छात्र स्कूल आए।
भोपा के सेंट जेवियर ग्लोबल स्कूल में छात्र छात्राओं के आने से पहले कक्षाओं को सैनिटाइज किया गया। साथ ही स्कूल में प्रवेश करने वाले छात्र-छात्राओं की थर्मल स्क्रीनिंग भी हुई। प्रधानाचार्य मोनिका चौधरी ने छात्र छात्राओं को कोविड संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
चरथावल में पहले दिन बच्चों की संख्या कम रही। रेनबो एकेडमी में सिर्फ 25 बच्चे पहुंचे। प्रबंधक अभिषेक बंसल ने बताया कक्षों को सैनिटाइज कराया गया। बिना मास्क के विद्यार्थियों को स्कूल आने पर पाबंदी की गई। वहीं नालंदा पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल संजय सिंह ने बताया पहले दिन जूनियर कक्षाओं में 40 फीसदी संख्या रही। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद बच्चों को प्रवेश दिया गया। जनता इंटर कॉलेज कुटेसरा में भी कक्षा आठ के बच्चे काफी कम संख्या में पहुंचे।
छपार के महरायपुर में जूनियर हाईस्कूल में 12 बच्चों में 5 बच्चे उपस्थित रहे। जयभगवानपुर में 26 बच्चों में 13 बच्चों को बुलाया गया। प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार व प्रधानाध्यापिका हेमलता शर्मा ने बताया कि गाइडलाइन का पालन किया गया।
खतौली के गांव सठेडी में कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पढाती शिक्षका।- फोटो : MUZAFFARNAGAR