संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। बरसात के दिनों में रुड़की रोड और आबकारी चुंगी के समीप होने वाले जलभराव से मुक्ति के लिए नगर विकास विभाग ने जल निकासी की योजना बनाई है। सीएनडीएस के माध्यम से 18 करोड़ रुपये के बजट में दो बड़े नालों का निर्माण कराया जाएगा। एक नाला लद्धावाला से रामलीला टिल्ला की ओर काली नदी पर जाएगा। वहीं दूसरा नाला भी नावल्टी चौराहा से आबकारी चुंगी होते हुए काली नदी में जाकर गिरेगा।
शहर में जल निकासी की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। थोड़ी सी बारिश के बाद शहर की हृदय स्थली कहे जाने वाले शिव चौक सहित अंसारी रोड आदि क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति पैदा हो जाती है। निकासी की समस्या को दूर करने के लिए शहरी विकास विभाग की ओर से दो नालों के निर्माण का खाका खींचा गया था। इनमें एक नाला लद्धावाला से काली नदी तक और दूसरा नावल्टी चौराहा से होते हुए रामलीला टिल्ला तक बनना था। सीएनडीएस के सहायक अभियंता रामबीर सिंह ने बताया कि दोनों नालों की डीपीआर तैयार हो गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
-भोपा रोड से जानसठ रोड तक बन रहा बड़ा नाला
राज्य सेक्टर कार्यक्रम के अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र में भोपा रोड शमशान घाट से कूकड़ा रोड होते हुए जानसठ रोड तक जल निगम की ओर से नाला निर्माण कराया जा रहा है। योजना की स्वीकृत लागत 22.18 करोड़ है। अनुबंध के अनुसार योजना के कार्य प्रारंभ होने की तिथि 20 से 19 फरवरी 2025 तक थी। फिलहाल योजना के तहत नाला निर्माण का 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। योजना पर 15 करोड़ से अधिक की लागत आ चुकी है। नाले से गांधी काॅलोनी, आदर्श काॅलोनी, सुभाषनगर, बचन सिंह कालोनी, नई मंडी, गांधीनगर, कूकड़ा आदि से आने वाले पानी की निकासी हो सकेगी।
-शीघ्र ही नगर पालिका को हैंडओवर करेंगे नाला : अबुजैद
जल निगम नगरीय के एक्सईएन अबुजैद ने बताया कि प्रस्तावित नाला निर्माण लगभग पूर्ण होने वाला है। फिनिशिंग चल रही है। निर्माण कार्य पूर्ण कर नगर पालिका को शीघ्र ही नाला हैंडओवर किया जाएगा।