छात्रों के लिए कृषि में रोजगार के अवसर: पंवार
मुजफ्फरनगर। चौधरी छोटूराम डिग्री कॉलेज में मेधावी छात्र -छात्रा अलंकरण समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि निदेशक भारतीय फसल प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम डॉक्टर एएस पंवार ने कहा कि कृषि और अनुसंधान के क्षेत्र में छात्रों के लिए रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।
प्राचार्य डॉ. नरेश मलिक ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से होनहार छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलती है। इस वर्ष कॉलेज के दो छात्र मुकेश कुमार वर्मा ने एमएससी कृषि रसायन तथा प्रांशु वर्मा ने बीएससी कृषि में विश्वविद्यालय स्तर पर क्रमश: प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। मुख्य अतिथि पंवार ने छात्रों को कृषि क्षेत्र में अनुसंधान तथा रोजगार के विभिन्न अवसरों पर विस्तार से बताया। कहा कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को कृषि में अनुसंधान के क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण की सुविधाएं संस्थान के माध्यम से प्राप्त होंगी। प्रबंध समिति के अध्यक्ष महक सिंह मलिक ने भी विचार व्यक्त किए। सत्र 2019 -20 की परीक्षाओं के परिणाम के आधार पर तथा विशिष्ट क्षेत्रों में प्रतिभावान 29 छात्र- छात्राओं को विभिन्न पदक एवं नगद पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। डॉ निशा तनेजा तथा डॉक्टर ज्योति प्रकाश (भारतीय अमेरिकन) द्वारा दी गई धनराशि से 10 छात्रों को विलियम थॉमस डेनिश पुरस्कार के रूप में 10,000 के चेक भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जगदीश वालियान, मांगेराम वर्मा, डॉ नरेश कुमार, डॉ हरेंद्र सिंह सिरोही, डॉ विजय कुमार ढाका, डॉ आईजे सिंह, डॉ आरके सिंह, डॉ ओमवीर सिंह, डॉ संदीप कुमार, डॉ एसके सिंह का सहयोग रहा।संचालन डॉ हर्षिता तिवारी तथा डॉक्टर एके सिंह ने किया।
इनका हुआ सम्मान
कॉलेज के जिन मेधावियों का सम्मान किया गया उनमें रमा मेडियन, मुकेश वर्मा, अनंगपाल सिंह, विरेंद्र कुमार, जसप्रीत कौर, सारंधा, आरजू चौधरी, अनुराग टांक, प्रांशु वर्मा, सूफियान अंसारी, मुनेंद्र गंगवार, एकता वर्मा, निक्की, जसप्रीत कौर, वंशिका मलिक, चारू चौहान, प्रिंस वर्मा, अपर्णा शर्मा, सार्थक शर्मा, शिल्पी सैनी आदि शामिल रहे।