विकास भवन में मंत्री एवं विधायकों के संग बैठक करते डीएम,एसएसपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फ्फरनगर। लॉकडाउन के बाद जनता के सामने आ रही समस्याओं और बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की सही जांच नहीं होने को लेकर कौशल विकास राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल और राजस्व राज्यमंत्री विजय कश्यप ने अफसरों की बैठक ली। विकास भवन में हुई बैठक में कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि बाहरी राज्यों के लोग लगातार जनपद में आ रहे है। इन सब का डॉक्टरी परीक्षण होना चाहिए। खुशी की बात है कि अब तक कोई कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला है।
डीएम सेल्वा कुमारी जे ने बताया कि जिले के सभी पांच एंट्री प्वाइंट पर टीमें लगा दी गई हैं। बाहर से आने वाले सभी लोगों की जांच की जा रही है। कपिलदेव ने आम जनता को राशन, सब्जी, फल आदि लेने में आ रही समस्याओं को भी उठाते हुए कहा कि चीनी मिलें और कोल्हू निर्बाध रूप से चलने चाहिए। किसानों के वाहन रोके नहीं जाने चाहिए। राज्यमंत्री विजय कश्यप ने कहा कि शहर में पशु पालन करने वालों को चारे की परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों को गन्ना बुआई के लिए खाद, दवा, पेस्टिसाइड खरीदने की छूट दी जाए। बैठक में विधायक उमेश मलिक, विक्रम सैनी, प्रमोद उटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, एसएसपी अभिषेक यादव आदि मौजूद रहे।