बिजलीघर में खराबी से पांच घंटे गुल रही बिजली
देवबंद। बिजलीघर की पावर वैक्यूम मशीन में गड़बड़ी आने से रविवार को पांच घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। बिजली बंद रहने से पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई, जिससे ईद-उल-अजहा का त्योहार मना रहे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
सांपला रोड स्थित बिजलीघर में फीडर नबंर तीन की पॉवर वैक्यूम मशीन में रविवार सुबह अचानक खराबी आने से करीब पांच घंटे बिजली के साथ ही पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई। इससे लोगों को कुर्बानी का फर्ज अदा कर रहे लोगों को सफाई किए जाने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि पॉवर कारपोरेशन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर फीडर नंबर तीन की सप्लाई मरम्मत के बाद शाम करीब तीन बजे चालू कर दी।
एसडीओ अनिल चौरसिया ने बताया कि बिजलीघर की पावर वैक्यूम मशीन में गड़बड़ी आ गई थी। जिसके चलते फीडर नंबर तीन की दर्जनों ट्रांसफार्मरों की सप्लाई बंद करनी पड़ी। उधर, मजनूंवाला रोड के शनिवार की दोपहर में फुंके ट्रांसफार्मर तो रात्रि करीब 10 बजे बदला गया। जिसके बाद सप्लाई चालू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। बता दें कि उक्त ट्रांसफार्मर के फुंकने से करीब 9 घंटे मजनूवाला रोड बाजार और सराय पीरजादगान के लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी उठानी पड़ी।