मुजफ्फ़रनगर। भाकियू के युवा नेता गौरव टिकैत ने कहा कि शाम छह बजे के बाद बिजली विभाग के अधिकारी गांव में दिखाई दिए तो उसकी खैर नहीं। जो सलूक अपराधियों के साथ होता है, उनके साथ भी वही होगा। गांव रथेड़ी में सदर ब्लाक की बैठक में गौरव टिकैत ने कहा कि किसानों और आम जनता का शोषण बर्दाश्त नहीं होगा।
बैठक में मुख्य अतिथि गौरव टिकैत ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी रात में लोगों के घरों पर छापे मार रहे हैं। शाम को छह बजे के बाद गांव में पहुंचने वाले अधिकारियों को अपराधी की श्रेणी में समझा जाएगा। गांव की जनता अपराधियों के साथ क्या व्यवहार करती है, यह सब लोग जानते हैं। मंडल महासचिव राजू अहलावत ने कहा कि किसानों के द्वारा दो भैंस से ज्यादा पालने पर कॉमर्शियल बिजली का कनेक्शन लेना अनिवार्य करना काला कानून है। इस कानून से अब बच्चों के लिए दूध भी उपलब्ध नहीं होगा। इस कानून को सरकार वापस ले। बिजली विभाग के अधिकारियों के उत्पीड़न के खिलाफ 18 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव होगा।
पंचायत में जिला अध्यक्ष धीरज लाटियान ने कहा कि किसानों को सरकार उम्मीद पर खरा नहीं उतर पा रही है। सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार बढ़ गया है। संगठन मंत्री अंकित चौधरी, तहसील अध्यक्ष विकास शर्मा, योगेश शर्मा, पवन राठी, कपिल सोम, मनोज सहरावत, जावेद, तारिक प्रधान, आशु, दिग्विजय, मोनू, बबल ठाकुर, राजकुमार, पंकज, सार्थक आदि मौजूद रहे।