चेकिंग करने गए विद्युतकर्मियों से मारपीट
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला मल्हूपुरा में चेकिंग करने गए विद्युत निगम के कर्मचारियों के साथ मकान मालिक ने साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर दी। डायल-112 के पुलिसकर्मियों ने ऐनवक्त पर पहुंचकर कर्मचारियों की जान बचाते हुए दो हमलावरों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला मल्हूपुरा निवासी मोहम्मद चांद के घर बृहस्पतिवार सुबह विद्युत निगम के कर्मचारी बिजली चोरी के शक में चेकिंग करने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि मकान मालिक मोहम्मद चांद ने चेकिंग के विरोध में शोर मचाते हुए हंगामा कर दिया, जिस पर कई लोग मौके पर पहुंच गए। मोहल्ले के लोगों ने विद्युत निगम के कर्मचारियों की घेराबंदी कर उनके साथ गालीगलौज व मारपीट कर दी। किसी तरह विद्युत निगम के कर्मचारियों ने डायल-112 को कॉल कर घटना की जानकारी दी, जिसकी सूचना पर डायल-112 की पीआरवी मौके पर पहुंची और हमलावरों से किसी तरह कर्मचारियों को बचाकर वहां से निकाला। मौके से पुलिसकर्मियों ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा का कहना है कि शाम तक किसी की तरफ से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।