बड़े बेटे पर लगाया छोटे बेटे की हत्या का आरोप
मुजफ्फरनगर, खतौली। मोहल्ला सैनीनगर निवासी रिशू की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पिता ने अपने बड़े बेटे एवं पुत्रवधू पर एक लाख रुपये के विवाद में छोटे बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पिता ने इस मामले में तहरीर दी है।
कस्बे के मोहल्ला सैनीनगर निवासी सूरजभान के बेटे रिशू की तीन दिन पूर्व संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। अगले ही दिन सूरजभान की पुत्रवधू रीना पत्नी प्रेम की भी इसी तरह मौत हो गई थी। परिजनों ने दोनों की मौत ऊपरी साये के असर से होने की बात कही थी, जिनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत के कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई थी। सोमवार को सूरजभान ने तहरीर देकर बताया कि रिशू के उसके बड़े भाई नीटू पर एक लाख रुपये उधार थे। आरोप लगाया कि रुपयों का तकादा किए जाने पर नीटू ने अपनी पत्नी बॉबी के साथ मिलकर रिशू के साथ मारपीट की थी, जिसके चलते रिशू की मौत हुई है। मामले में सीओ आशीष प्रताप सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं थे और न ही उसकी हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। फिर भी मामले की जांच कराई जा रही है।
उधर, एक साथ दो लोगों की संदिग्ध हालात में हुई मौत के चलते सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम सूरजभान के घर पहुंची और उसके पूरे परिवार को सीएचसी ले जाकर उनके स्वास्थ्य की जांच की।