जिला पंचायत प्रत्याशी समेत आठ को भेजा जेल
मुजफ्फरनगर। भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी से जिला पंचायत के वार्ड-11 से प्रत्याशी रजत निठारिया व उसके सात समर्थकों को कार सवार परिवार से मारपीट करने व पुलिस टीम से बदसलूकी किए जाने पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी प्रत्याशी की गाड़ी को भी सीज कर दिया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में सहारनपुर हाईवे स्थित गांव बड़कली मोड़ के निकट शुक्रवार सुबह यमुनानगर निवासी एक परिवार की कार की भैंसा-बुग्गी में भिड़ंत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर आजाद समाज पार्टी से जिला पंचायत के वार्ड-11 के प्रत्याशी रजत निठारिया अपने साथ अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और कार सवार परिवार के साथ मारपीट करने लगा। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ भी बदसलूकी कर दी। पुलिस ने प्रत्याशी रजत निठारिया के साथ ही उसके सातों समर्थकों को भी गिरफ्तार करते हुए उनकी कार को सीज कर दिया। इसके बाद उस परिवार को गंतव्य के लिए रवाना किया। इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि गांव बड़कली निवासी जिला पंचायत प्रत्याशी रजत निठारिया व उसके समर्थकों विपिन, मोहित, रवि, योगेंद्र, अजय व मोना गौतम और गांव मलीरा निवासी जयंत को शांतिभंग की आशंका के तहत सिटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। प्रत्याशी रजत निठारिया करीब एक सप्ताह पूर्व शहर में बिना अनुमति निकाली गई चंद्रशेखर की रैली के मामले में दर्ज हुए मुकदमे में भी वांछित चल रहा था।