खतौली। बंद पड़ी सोनाटा स्टील फैक्ट्री में लूट की वारदात को अंजाम दे रहे आठ बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान लाइसेंसी बंदूक लूटकर बंधक बनाए गए तीन चौकीदारों को भी मुक्त कराया। इस दौरान दो बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने लूटी गई चौकीदार की बंदूक, वाहन, तमंचे, कारतूस सहित लूट का कीमती सामान बरामद किए हैं।
एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता ने थाने में पत्रकारों को बताया कि सीओ डीके मित्तल मंगलवार की रात पुलिस बल के साथ गश्त करते हुए बुढ़ाना रोड अंडर बाईपास की तरफ जा रहे थे। रास्ते में बंद पड़ी सोनाटा स्टील फैक्ट्री से तोड़फोड़ की आवाज आ रही थी। इंस्पेक्टर सुनील कुमार त्यागी पुलिस टीम के साथ फैक्ट्री के पीछे पहुंचे तो देखा सफेद रंग की मैक्स पिकअप में बदमाश सामान लाद रहे थे।
पुलिस के ललकारने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाब में फायरिंग करते हुए आठ बदमाशों को दबोच लिया, जबकि दो फरार हो गए। एसपी सिटी ने बताया कि इन बदमाशों ने फैक्ट्री के चौकीदार गांव मढ़करीमपुर निवासी रामभूल से लाइसेंसी बंदूक और 17 कारतूसों की पेटी लूटने के बाद अन्य दो चौकीदारों निसार अहमद और पुरुषोत्तम को बांधकर कमरे में बंद कर दिया था।
पुलिस ने तीनों चौकीदारों को मुक्त कराया। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम खतौली के भूड़ रजवाहा पटरी निवासी अनीस पुत्र फैयाज, शिवा उर्फ बंटी पुत्र सतीश, राजकुमार उर्फ राजगुरु पुत्र तेजपाल, आर्यन उर्फ मीनू पुत्र अशोक कुमार निवासीगण मीरापुर के गांव वलीपुरा, महेश पुत्र खचेडू, दीपक पुत्र ऋषिपाल निवासी गांधीनगर थाना नई मंडी मुुजफ्फरनगर, जोगेंद्र उर्फ टीना पुत्र संसार सिंह निवासी वहलना, थाना कोतवाली मुजफ्फरनगर, मेहराज पुत्र जमील निवासी जिला हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव निडोरी बताए हैं।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटी गई बंदूक, 17 कारतूस, तीन तमंचे, चाकू, फैक्ट्री से चोरी पांच कुंतल तांबे की प्लेट, आठ मोटर, ड्रिल मशीन, कटर, पाइप, चार स्टार्टर तथा 13 दिसंबर को मढ़ियाई पैंठ से चोरी की गई मैक्स पिकअप को बरामद किया। इंस्पेक्टर ने बताया ये बदमाश गैंग के साथ गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार आदि स्थानों पर लूट करते थे। पुलिस ने बदमाशों को जेल भेज दिया है।