मुजफ्फरनगर। नगर के शांति नगर में मंदिर से लौट रही महिला के कानों के कुंडल लूटने वाला आरोपी जनपद शामली के गांव खानपुर निवासी राजकुमार बावरिया (50) मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसका भतीजा बाइक पर भाग निकला। आरोपी से कुंडल व तमंचा बरामद हुआ है। वह पिछले 35 साल से मंसूरपुर क्षेत्र में मूकबधिर बनकर भीख मांगता था। उसके खिलाफ पुलिस हिरासत से भागने के प्रयास सहित पांच मामले मेरठ जीआरपी व अन्य थानों में दर्ज हैं।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता कर बताया कि नई मंडी कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्रा पुलिस टीम के साथ रथेड़ी कट के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक सूचना के आधार पर भोपा पुल की तरफ से जा रहे बाइक सवार दो संदिग्ध लोगों का रुकने का इशारा किया तो पुलिस पर फायर कर बाइक सवार भागने लगे।
जवाबी कार्रवाई में राजकुमार बावरिया दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। उसका भतीजा खानपुर निवासी संजू बाइक पर भाग निकला। गिरफ्तार आरोपी पिछले पंद्रह साल से मंसूरपुर में चौराहे के पास झोपड़ी में रहता था।
मूकबधिर बनकर अपनी पहचान छिपाकर लोगों से भीख मांगकर गुजारा कर रहा था। उसका भतीजा बृहस्पतिवार को बाइक पर उसके आया था और इसके बाद दोनों ने लूट करने की योजना बनाई। घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी। आरोपी के भतीजे की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी व उसका भतीजा किसी वारदात को करने के लिए दोबारा घूम रहे थे।
मंडी कोतवाली प्रभारी ने बताया कि भागा हुआ आरोपी आठ दिन पहले ही लूट के मामले में जेल से छूट कर आया था। उसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। कुंडल लूटने के बाद बाइक पर भागते समय की सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान की गई। पुलिस ने तीन सौ से अधिक सीसीटीवी देखे थे। वह अपने भतीजे के साथ बाइक पर जाते हुए दिखाई दिया था।