मुजफ्फरनगर। नगर में जाम न लगे इसकेे लिए प्रशासन ने ई-रिक्शाओं के लिए पांच रूट निर्धारित कर दिए है। बुधवार से नगर में 960 ई रिक्शाओं को रूट के आधार पर चलाना शुरू कर दिया है। रूट के आधार पर ई रिक्शाओं पर अलग-अलग रंग की पट्टी भी कराई है ताकि दूर से ही ई-रिक्शा के बारे में जानकारी मिल जाए। सभी रूट पर सुबह सात से रात ग्यारह बजे तक ई रिक्शा चलेंगी।
नगरवासियों की शिकायत थी कि नगर में ई-रिक्शाओं के बिना रूट के चलने के कारण जाम लगता है। चालक अपनी मर्जी से किसी भी रूट पर ई-रिक्शा में यात्रियों को बैठा कर ले जाते थे। इसी जाम से मुक्ति के लिए यातायात पुलिस ने ई-रिक्शाओं के लिए पांच रूट बना दिए है। चालकों से रूट के आधार पर ही ई-रिक्शा चलाने को कहा गया। ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। बुधवार दोपहर में नुमाइश मैदान में कार्यक्रम का आयोजन कर ई-रिक्शाओं को रूट पर संचालित करने के लिए डीएम उमेश मिश्रा व एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने हरी झंडी दिखाई। इस दौरान एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।