-ई-रिक्शा में सवार अन्य दो लोग और चालक बाल-बाल बचे
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। बाइक की टक्कर से अनियंत्रित हुआ ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा के नीचे दबने से घायल शाहजहां (45) की मौत हो गई, जबकि उसकी पुत्री घायल हो गई। ई-रिक्शा में सवार अन्य दो लोग और चालक बाल-बाल बच गए।
गांव मेहलकी निवासी शाहजहां अपनी पुत्री गुलफशां के साथ बृहस्पतिवार दोपहर ई-रिक्शा में बैठकर किसी काम से जानसठ कस्बे में आ रही थी। ई-रिक्शा में गांव से दो लोग भी सवार थे। गांव खलवाड़ा के पास सामने से आ रहे बाइक सवार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर लगने ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इसके नीचे दबकर शाहजहां और उसकी पुत्री गुलफशा घायल हो गईं। वहीं ई-रिक्शा चालक और दोनों सवार लोग बाल बाल बच गए।
इस दौरान बाइक सवार मौके से फरार हो गया था। हादसे की खबर मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन घायल मां और बेटी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने शाहजहां को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस अस्पताल में पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चिकित्सकों ने घायल पुत्री गुलफशा को अस्पताल में भर्ती किया। महिला की मौत से परिवार शोक में डूब गया। पुलिस को अभी तक हादसे की तहरीर नहीं दी गई है।