कोरोना काल में 5797 लोगों ने लगाई सीएम से गुहार
मुजफ्फरनगर। कोरोना काल में परेशान आम जनता के लिए मुख्यमंत्री हेल्प लाइन बड़ा सहारा बनी। लोगों ने राशन और आर्थिक सहायता के लिए 1076 पर फोन कर अपनी पीड़ा रखी। इस नंबर पर फोन करने वालों की समस्या का समाधान भी हुआ। राशन किट और एक हजार की आर्थिक सहायता के लिए सबसे अधिक फोन हुए।
कोरोना महामारी के शुरू होते ही गरीब आम जनता के लिए मुख्यमंत्री हेल्प लाइन बड़ा सहारा बनी। लोगों को अफसरों पर सीधे यकीन नहीं था कि वह उनकी पीड़ा सुन पाएंगे। कोरोना काल के छह माह में मुख्यमंत्री हेल्प लाइन पर रिकार्ड 5797 फोन हुए। हेल्प लाइन पर फोन करने का बड़ा कारण यह भी रहा कि सीएम हेल्प लाइन 1076 पर फोन करने वालों की सुनवाई तेजी के साथ हुई। प्रशासन ने कॉल करने वालों को तुरंत सहायता पहुंचाई। सरकारी रिकार्ड के अनुसार अप्रैल माह में दो हजार से अधिक लोगों ने सीएम हेल्प लाइन पर फोन किया। इसके बाद मई माह में सर्वाधिक फोन हुए। सीएम को फोन करने वाले लोगों में पहले नंबर पर राशन किट की मांग करने वाले और दूसरे नंबर पर एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता की मांग करने वाले रहे। कोरोना बीमारी को लेकर भी कुछ लोगों ने शिकायत की। एडीएम वित्त आलोक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्प लाइन पर जितनी भी कॉल की गई, प्रशासन ने सभी का निराकरण किया है।