मुजफ्फरनगर : सोशल मीडिया पर वायरल तेंदुए का फोटो।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भोपा (मुजफ्फरनगर)। सोशल मीडिया पर तेंदुआ दिखाई दिए जाने के फोटो और वीडियो वायरल हुई है। दावा किया जा रहा है कि भोपा क्षेत्र में गंगनहर पटरी पर तेंदुआ दिखाई दिया है। वन अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो व फोटो की जांच कराई जा रही है। तेंदुए के दिखाई देने की पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों को सावधानी बरतनी चाहिए। रात के समय गश्त के लिए दो टीमें लगाई गई हैं।
भोपा गंगनहर पटरी, अथाई गांव आदि के जंगल में तेंदुआ होने की वीडियो और फोटो कुछ समय से लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जिससे खेतों में काम करने वाले किसान व मजदूर भयभीत है। इतना ही नहीं सुबह गंगनहर पटरी पर घूमने जाने वाले अधिकांश लोगों ने वहां जाना बंद कर दिया है। तीन दिन पूर्व एक वीडियो वायरल हुई थी जिसमें तेंदुए को अथाई के जंगल में होना बताया गया था। इससे पूर्व भी गंगनहर पटरी पर तेंदुआ देखा गया।
वन क्षेत्राधिकारी सिंह राज सिंह पुंडीर का कहना है कि पूर्ण रूप से यह भी नहीं कहा जा सकता कि तेंदुआ यहां नहीं आ सकता। क्योंकि यह वन्य जीव अभयारण्य क्षेत्र है। शुकताल वन रेंज क्षेत्र में लगने वाली गंगनहर पटरी सीमा में रात्रि गश्त के लिए दो टीमें भी लगाई गई है जो गश्त कर रही है।
ग्राम प्रधान अथाई रविंदर उर्फ छोटा प्रधान, ग्राम बेलड़ा के पूर्व प्रधान संसार सिंह, धीराहेड़ी के पूर्व प्रधान सुक्रमपाल, निवासी पारूल शर्मा आदि का कहना है कि वन विभाग की टीम को और सक्रिय होने की आवश्यकता है।