मुजफ्फरनगर। जनपद में नशीली दवाइयों के तस्करों व यूरिया की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इस धंधे से जुड़े आरोपियों के खिलाफ रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) की कार्रवाई होगी। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। दोनों ही मामलों में दो मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
मई माह में खालापार थाना पुलिस ने नशीली दवाइयों के तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एक करोड़ से ज्यादा कीमत की दवा बरामद की थी। इस गिरोह के तार गोरखपुर निवासी एक कारोबारी से जुड़े थे। पुलिस को उसकी तलाश है। जानसठ पुलिस ने यूरिया की कालाबाजारी करने वाले गिरोह के दस सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनसे 454 बैग यूरिया बरामद किया था।
आरोपियों में यूरिया के चार सप्लायर भी शामिल रहे। इस गिरोह का एक मुख्य आरोपी यमुना नगर निवासी सतेंद्र राणा की पुलिस को तलाश है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि दोनों मामलों की गहनता से जांच कराई जा रही है। पूरे नेटवर्क को चिह्नित किया जा रहा है। दोनों अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की जाएगी।