संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। बिना हेलमेट लगाए वाहन चालक को उसके वाहन के लिए पेट्रोल नही मिलेगा। इस आदेश का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग जाग गया है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन ) सुशील मिश्रा ने पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। वहां बिना हेलमेट लगाए पेट्रोल लेने पहुंचे दुपहिया वाहन चालकों के 15 वाहनों के चालान किए।
एआरटीओ ने बताया कि सितंबर माह को नो हेलमेट नो फ्यूल माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के चलते उन्होंने भोपा रोड व बाइपास स्थित आधा दर्जन पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। वहां कई युवक बिना हेलमेट लगाए अपने दुपहिया वाहन में पेट्रोल भरवाने आए थे। उन्हें नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान के बारे में बताया गया। उन्होंने अभियान के दौरान 15 दुपहिया वाहनों का चालान किया।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई पूरे माह जारी रहेगी। उन्होंने अपील कर कहा कि बिना हेलमेट वाहन न चलाएं। सड़क दुर्घटना से बचने का प्रयास करें। उन्होंने बताया कि दुपहिया वाहन चालक को हेलमेट लगाने जाने पर ही पेट्रोल पंप पर उसके वाहन के लिए पेट्रोल मिलेगा। इसके लिए पेट्रोल पंप संचालकों को भी आदेश दिया गया हैै। यह पूरी कार्रवाई शासन के आदेश पर की जा रही है।