मुजफ्फरनगर। 17 फरवरी की सुबह नगर के बुढ़ाना-शाहपुर मार्ग के बीच दो स्कूली बसों में भिड़ंत में घायल एक बस के चालक की हालत अभी नाजुक बनी है। जबकि अन्य घायलों की हालत में कुछ सुधार है।
जीडी गोयनका की स्कूली मिनी बस के चालक श्रीकांत व छात्रा अक्षरा, परिचायिका रजनी का नगर के एक निजी अस्पताल व दो सगे भाई छात्र लक्षित व उसका भाई तैशिक का उपचार मेरठ के एसडी ग्लोबल अस्पताल में चल रहा है। चालक श्रीकांत की हालत अभी नाजुक बनी है।
छात्र अक्षरा व परिचायिका की हालत में कुछ सुधार है। उन्हें रविवार को आईसीयू से वार्ड में लाया जाएगा। मेरठ में उपचार करा रहे तैशिक की हालत में भी इजाफा है। लक्षित की रीढ़ की हड्डी में मामूली परेशानी है। पुलिस अधिकारी लगातार सभी घायलों की कुशलक्षेम की जानकारी ले रही है।
नेताओं ने ली जानकारी
सपा नेता सौरभ स्वरूप और शलभ गुप्ता आदि ने अस्पताल पहुंच कर घायल चालक व अन्य के बारे में स्वास्थ्य की जानकारी ली। उधर, पूर्व सांसद कादिर राणा ने दधेडू़ पहुंच कर मृतक बच्चों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
शोक संवेदना व्यक्त की
शाहपुर। स्थानीय शिक्षण संस्था आर्य एकेडमी इंटर कालेज में बुढ़ाना मोड़ पर हुई दुर्घटना में मृतक बच्चों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की गई । स्थानीय शिक्षण संस्था आर्य एकेडमी इंटर कॉलेज में शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बुढ़ाना मोड़ पर हुई दुर्घटना में मृतक बच्चों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की गई। कॉलेज के निदेशक डॉ सत्यवीर आर्य ने कहा कि यह हादसा बहुत ही दर्दनाक है। जिसमें दो बच्चों की मृत्यु होने के साथ आधा दर्जन अन्य बच्चें व चालक घायल हो गए । उन्होंने घायल बच्चों व चालकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।