वीरपाल के सिर बंधा जीत का ताज
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के डॉ. वीरपाल निर्वाल के सिर जीत का सेहरा बंध गया है। भाजपा प्रत्याशी ने भाकियू के सतेंद्र बालियान को 26 मतों से पराजित किया। निर्वाल को 30 और सतेंद्र को मात्र चार मत ही मिले। नौ सदस्यों ने बहिष्कार करते हुए वोट ही नहीं डाले।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कलक्ट्रेट को पूरी तरह सील किया गया था। डीएम की कोर्ट में मतदान हुआ, जहां केवल वोटर को ही जाने की अनुमति थी। मीडिया तक पर प्रतिबंध लगा था। मतदान शनिवार पूर्वाह्न 11.00 बजे प्रारंभ हुआ और मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। चुनाव आयोग ने ऑनलाइन भी प्रक्रिया को देखा। जिला पंचायत के 43 सदस्यों में से तीन बजे तक 34 जिला पंचायत सदस्यों ने ही वोट डाले। नौ सदस्यों ने वोट नहीं डालते हुए चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार किया।
डॉ. वीरपाल निर्वाल अंत तक मतदान स्थल पर जमे रहे। भाकियू प्रत्याशी सतेंद्र बालियान कुछ देर ही मतदान स्थल पर रहे। माहौल अपने अनुकूल न देख वहां से चले गए। मतदान की प्रक्रिया के बाद तीन बजकर आठ मिनट पर मतगणना शुरू हुई। तीन बजकर 11 मिनट पर मतगणना का कार्य पूरा हो गया।
भाजपा के डॉ. वीरपाल निर्वाल को 30 और भाकियू के घोषित और विपक्ष के समर्थित प्रत्याशी सतेंद्र बालियान को चार वोट मिले। 26 मतों से उन्होंने चुनाव जीत गए। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने भाजपा प्रत्याशी डॉ. वीरपाल निर्वाल को जीत का प्रमाणपत्र दिया। समस्त प्रक्रिया के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक योगेश कुमार डीएम कोर्ट में ही मौजूद रहे। परिसर से बाहर निकलने पर कचहरी के गेट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
एक नजर....
कुल वोट: 43
वोट पडेे़ : 34
वीरपाल निर्वाल को मिले वोट : 30
सतेंद्र बालियान को मिले वोट : 04