साध्वी डॉ. प्राची आर्य ने फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर पर तंज कसते हुए कहा कि उसे भारतीय इतिहास पढ़ना चाहिए। उसे तैमूर के बजाए छत्रपति शिवाजी को जन्म देना चाहिए था। तैमूर नाम रखकर उसने भारतीय संस्कृति का उपहास उड़ाया है। वह भारतीय मां नहीं हो सकती। उन्होंने सूबे की राजनीति पर कहा कि चाचा-भतीजे में सीएम की कुर्सी की लड़ाई चल रही है, मगर दोनों में से किसी को भी यह कुर्सी नहीं मिलेगी। साध्वी ने कहा कि मैं इस बार चुनाव नहीं लडूंगी, मेरा अभियान हिंदुत्व और राष्ट्र रक्षा का रहेगा।
मंगलवार को यहां रुड़की रोड स्थित एक बैंक्वेट हाल में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में पहुंची भाजपा नेत्री साध्वी प्राची आर्य पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि करीना कपूर ने यदि तैमूर का इतिहास पढ़ा होता तो वह आतंकवादी के नाम पर अपने बेटे का नाम नहीं रखती। साध्वी ने पश्चिम बंगाल में हिंदुओं की हो रही हत्याओं को लेकर धर्म निरपेक्षता की वकालत करने वाले नेताओं से सवाल किया कि पश्चिम बंगाल में संत की पेड़ से बांधकर हत्या कर दी गई, इस पर सेक्युलर नेता चुप क्यों हैं। नोटबंदी पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने यह फैसला लेकर काला धन तिजोरियों से बाहर कर दिया है।
साथ ही कहा कि नोटबंदी से किसान प्रभावित हुए हैं। उन्होंने पीएम से मांग की कि वो किसानों को खाते में 15-20 लाख रुपये डलवाएं और किसानों के कर्ज माफ करें, ताकि देश का किसान खुशहाल हो सके। यूपी की राजनीति पर उन्होंने कहा कि सपा खत्म हो चुकी है। चाचा-भतीजे में रार सीएम की कुर्सी को लेकर है, मगर दोनों में से किसी को भी सीएम की कुर्सी नहीं मिलेगी। विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत से सत्ता में आएगी।
संस्कारवान समाज से ही राष्ट्र का निर्माण : प्राची
मुजफ्फरनगर। रुड़की रोड पर दीपक पैलेस में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में मुख्य अतिथि भाजपा नेत्री साध्वी डॉ. प्राची ने कहा कि सभी माता-बहनों को समर्पित भाव से कथा का श्रवण करना चाहिए। कथा श्रवण से संस्कार उत्पन्न होते हैं। संस्कार से ही समाज का निर्माण होता है, अगर समाज संस्कारवान होगा तो ही सुदृढ़ राष्ट्र का निर्माण होगा। बिना संस्कार के मानव जीवन व्यर्थ है। उन्होंने श्रद्धालुओं से हिंदू धर्म की रक्षा करने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इससे पूर्व उन्होंने कथा का शुभारंभ कथा व्यास गंगोत्री तिवारी मृदुल महाराज का पटका पहनाकर किया। कथा व्यास ने भीष्म पितामह संवाद सुनाकर श्रद्धालुओं को मंत्र मुग्ध किया। नवजीवन सेवा संस्कार की ओर से साध्वी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वेदपाल प्रजापति, मोहित एडवोकेट, अमित कुमार, वासुपाल, इंद्रपाल कोरी, जितेंद्र कोरी, ओमवीर सभासद आदि मौजूद रहे।