तीन बाइकों पर आए थे आठ हमलावर, आठ राउंड फायरिंग
यूपी-उत्तराखंड सीमा पर स्थित दादूपुर गांव में शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे सुखजिंदर अपने छह वर्षीय बेटे के साथ घर के सामने गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास खड़ा था। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार होकर आठ हमलावर वहां पहुंचे। कुछ हमलावर पीछे रुक गए, जबकि एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने सुखजिंदर पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद उसका बेटा डरकर घर की तरफ भागा।
फायरिंग की आवाज सुनकर पिता मुख्त्यार सिंह भी घर से बाहर आए। हमलावरों ने उन्हें भी गोली मार दी। सुखजिंदर के बड़े भाई बलविंदर सिंह के मुताबिक, जब वह बाहर पहुंचे तो हमलावरों ने सुखजिंदर की कनपटी पर भी गोली मारी और फरार हो गए। वारदात में कुल आठ राउंड फायरिंग की बात सामने आई है।
यूपी-उत्तराखंड सीमा पर क्षेत्राधिकार को लेकर उलझा मामला
दादूपुर गांव यूपी और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित है। घटना के बाद खानपुर और पुरकाजी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि मृतकों के पते और बिजली के बिल उत्तराखंड के हैं। राजस्व विभाग की टीम सीमा और क्षेत्राधिकार तय करेगी, जिसके बाद उसी क्षेत्र के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।
सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि देर रात तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी। मृतक के भाई बलजिंदर ने अंकुल, अंचित और मोहित समेत अन्य लोगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस इन आरोपों की जांच करते हुए हमलावरों की तलाश कर रही है।