किदवई नगर के गली में घूमते आवारा कुत्ते। संवाद
मुजफ्फरनगर। जनपद में आवारा कुत्तों के हमले बढ़ रहे है। खूंखार हो रहे कुत्ते एक साल के भीतर जनपद के 65 हजार से अधिक लोगोंं पर हमला कर चुके हैं। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र सहित प्रत्येक निजी नर्सिंग होम पर एंटी रैबीज वैक्सीन रखने के निर्देश दिए हैं।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन 300 से अधिक लोगों को एंटी रेबीज वैक्सीन लग रहा है। एआरवी लगवाने में लापरवाही के चलते गत वर्ष दो लोगों की हाईड्रोफोबिया के चलते मौत हो गई थी। नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में आवारा कुत्तोंं पर अंकुश लगाने की मांग उठ रही है।
सीएमओ डॉ.सुनील तेवतिया ने सभी निजी चिकित्सालय प्रबंधक और संचालकों को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि चिकित्सा इकाई में उनके स्तर से एंटी रैबीज वैक्सीन एवं एंटी रैबीज सीरम की शत प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करें।
एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ.शमशेर आलम ने बिताया कि सीएमओ के आदेश पर सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र सहित निजी नर्सिंग होम पर एआरवी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है।
शहर में स्थापित होगा एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर : नगर पालिका शहर में आवारा कुत्तों पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए शासन के निर्देश पर 1.65 करोड़ रुपये में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर की स्थापना की जाएगी। ईओ पालिका डॉ.प्रज्ञा सिंह ने बताया कि वहलना में करीब एक बीघा भूमि में एबीसी सेंटर स्थापना का प्रयास चल रहा है। बताया कि वहलना में एक डॉग शेल्टर निर्माण का भी प्रयास किया जा रहा है। बताया कि एबीसी सेंटर पर आवारा कुत्तों की नसबंदी करने के साथ ही उपचार की भी पूरी व्यवस्था रहेगी।